सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया इकबालपुर में 15 अगस्त को घर पर बैठे दो सगे भाइयों के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि मारपीट के मामले में शिकायत के बाद भी आरोपी पक्ष के लोगों ने घर पहुंचकर अवैध असलहे से गोली चला दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामजीलाल ने 15 अगस्त को मारपीट के मामले में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वहीं, घायल पक्ष के चरण सिंह का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था।
रामजीलाल के अनुसार, मारपीट की जानकारी मिलने पर उनके रिश्तेदार हरकेश, अल्केश और उनके मामा प्रमोद घर पहुंचे थे। इसी दौरान सत्य प्रकाश नामक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने प्रमोद को अवैध असलहे से सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में चंद्रावती तथा कमलेश देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
रामजीलाल का आरोप है कि यदि पुलिस ने 15 अगस्त को दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की होती तो शायद अगले दिन उनके परिवार के सदस्य पर गोली चलाने की घटना नहीं होती। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
बताया गया है कि 15 अगस्त को रामजीलाल की शिकायत पर सुनील पुत्र राधेश्याम, राधेश्याम पुत्र सोनीराम, अंशुल पुत्र रामदयाल, कमलेश देवी पत्नी रामदयाल, संगीता पत्नी राधेश्याम समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










