हाथरस। सावन के पावन मास में आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम में निस्वार्थ सेवा संस्थान (रजि.) की ओर से मासिक हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय प्रस्तुति के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में भगवान शिव की स्तुति, भजन और संकीर्तन से पूरा वृद्धाश्रम परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की स्तुति “कर्पूरगौरं करुणावतारं संसारसारं भुजगेन्द्रहारम्…” के पाठ से हुआ। इसके बाद ढोलक, मंजीरे और करताल की मधुर थाप पर “हर-हर महादेव”, “ॐ नमः शिवाय”, “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण हरे राम” के जयकारे गूंजते रहे। बुजुर्ग श्रद्धालु भक्ति में डूबकर तालियां बजाते और झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में चेयरमैन श्वेता चौधरी ने भी भजन-कीर्तन में सहभागिता करते हुए भजनों का आनंद लिया और भक्तिमय वातावरण से मंत्रमुग्ध हो गईं। उन्होंने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग एवं मधुर भजनों को श्रद्धापूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में इस तरह के आध्यात्मिक आयोजन बुजुर्गों के जीवन में खुशी, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग की कथा का भावपूर्ण एवं रोचक वर्णन किया गया। कथा वाचक विपुल गौर (मोंटी पंडित जी) एवं महाकाल बाबा, हरिगढ़ वाले ने शिव-पार्वती विवाह की कथा का भक्तिमय वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं बाल कलाकार माधव ओझा ने अपने मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिव-पार्वती विवाह प्रसंग के दौरान भजनों और कथा से ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्ग भक्ति रस में डूब गए। कई बुजुर्ग तालियां बजाते हुए झूमने लगे, जबकि कुछ की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। आयोजन ने बुजुर्गों के बीच आत्मीयता, उल्लास और आध्यात्मिक शांति का संचार किया।
संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से वृद्धाश्रम में प्रत्येक माह नियमित रूप से संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सच्ची सेवा केवल उनकी भौतिक जरूरतों को पूरा करना नहीं, बल्कि उनके साथ आत्मीय समय बिताना, उनकी भावनाओं का सम्मान करना और उन्हें परिवार जैसा स्नेह देना भी है।
उन्होंने कहा कि सावन मास में शिव-पार्वती विवाह की कथा का आयोजन बुजुर्गों को मानसिक एवं आध्यात्मिक आनंद देने का माध्यम बना। कार्यक्रम के अंत में सभी बुजुर्गों को आदरपूर्वक प्रसाद वितरित किया गया और संस्थान के सदस्यों ने उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, सह सचिव तरुण राघव, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, यश वार्ष्णेय एवं मोहित यदुवंशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










