सिकंदराराऊ के गांव बरई शाहपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश की हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद आकाश को हार्ट अटैक आया और वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा।
जानकारी के अनुसार आकाश अपने दोस्तों के साथ 15 अगस्त को डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। 16 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे उसने साथियों के साथ डाक कांवड़ उठाई। करीब 20 मिनट बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ी और वह गिर पड़ा।
साथियों ने उसे बचाने के लिए तत्काल सीपीआर और मुंह से सांस देने की कोशिश की। इसके बाद आकाश को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथियों के मुताबिक अटैक के दौरान आकाश को तीन झटके आए।
आकाश करीब छह महीने पहले रोजगार के लिए जयपुर गया था और वहां काम कर रहा था। उसके पिता ओंकार की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां, दो भाई और एक बड़ी बहन हैं। आकाश का 13 वर्षीय छोटा भाई अक्सर बीमार रहता है, ऐसे में परिवार में आकाश की अहम भूमिका थी।
रविवार देर रात आकाश का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। आकाश की अचानक मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि हरिद्वार में उसके साथ कांवड़ उठाने वाले दोस्तों को भी गहरा सदमा लगा है।










