सिकंदराराऊ तहसील दिवस में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कोटेदारों को बताईं सरकार की योजनाएं
सिकंदराराऊ में तहसील दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने उचित मूल्य विक्रेताओं यानी कोटेदारों को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी देते हुए सरकार की योजनाओं को कोटेदारों के लिए लाभकारी बताया।
विधायक ने बताया कि सिकंदराराऊ तहसील क्षेत्र में कुल 170 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। इनमें सिकंदराराऊ ब्लॉक की 60, हसायन ब्लॉक की 87 और नगर क्षेत्र की 23 दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों के माध्यम से 69 हजार 155 राशन कार्ड धारकों और करीब 2 लाख 86 हजार 725 यूनिटों को नियमित रूप से निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के समय कोटेदारों को 70 पैसे प्रति यूनिट लाभांश मिलता था, जिसे बढ़ाकर पहले 90 पैसे और अब 1.25 रुपये प्रति यूनिट किया गया है। इससे कोटेदारों की आय में बढ़ोतरी होगी।
विधायक राणा ने बताया कि सरकार प्रत्येक कोटेदार की दुकान पर अन्नपूर्णा भवन बनाने की योजना पर भी काम कर रही है। इन भवनों में पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही राशन के अलावा करीब 40 प्रकार की आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत हाथरस के प्रसिद्ध रंग-गुलाल समेत स्थानीय उत्पादों की बिक्री की अनुमति भी दी जाएगी। इससे कोटेदारों की आय के नए स्रोत विकसित होंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।










