हाथरस में सोमवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद या अन्य विवादित मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही इसका मुख्य उद्देश्य है। लापरवाही मिलने या शिकायतों का समय से निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने विद्यालयों का निरीक्षण कर जर्जर भवन, जलभराव, हाईटेंशन लाइन और अन्य सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही तहसील परिसरों में साफ-सफाई, रास्ते खाली रखने और आवश्यक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
हाथरस तहसील में कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं सिकंदराराऊ में 44 में से 4, सादाबाद में 70 में से 4 और सासनी तहसील में 24 में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ।










