हाथरस में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2026 की चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण यानी DV&PST प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। यह प्रक्रिया 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परीक्षण केंद्र पर आयोजित की जा रही है।
परीक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस लाइन स्थित परीक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शारीरिक मानक परीक्षण के लिए गठित टीम, भर्ती बोर्ड से आई अभिलेख संवीक्षा टीम और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
एसपी ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए काउंटर और टेबलों का भी जायजा लिया। साथ ही शारीरिक मानक परीक्षण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को दुरुस्त रखने और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने परीक्षण के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।










