सिकंद्राराऊ में सावन मास के महापर्व को लेकर कांवड़ यात्रियों की सेवा का अनोखा उदाहरण सामने आया है। कासगंज रोड स्थित सूर्य प्रताप सूरज भैया के कांवड़ सेवा कैंप में सौरो घाट से कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सूर्य प्रताप सूरज कैंप पर पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं महिला कांवरियों का उन्होंने सम्मानपूर्वक स्वागत किया और उनके चरण पखारे। इसके बाद महिला कांवरियों को भोजन-प्रसादी कराई गई और उनके विश्राम की व्यवस्था की गई।
इस दौरान महिला कांवरियों ने कहा कि भगवान भोलेनाथ पहले से ही तय कर देते हैं कि उनकी और उनके भक्तों की सेवा किसके हाथों से करानी है। उन्होंने सूर्य प्रताप द्वारा की गई सेवा को पुण्य का कार्य बताया।
वहीं सूर्य प्रताप सूरज भैया ने कहा कि “मैं तो केवल भगवान का जरिया और सेवक हूं। भोलेनाथ जहां सेवा करने का आदेश देते हैं, मैं वहां उपस्थित हो जाता हूं। भक्तों की सेवा करने से मन को अलग ही शांति मिलती है।”
कांवड़ सेवा कैंप में श्रद्धालुओं की सेवा और इस भावपूर्ण पहल की लोगों के बीच खूब चर्चा हो रही है।










