हाथरस जिले के थाना कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के वाजिदपुर बाजार में सोमवार शाम एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगों पर युवक को लोहे की रॉड और सरिया से पीटने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगला भानचंद निवासी शिव कुमार का पुत्र मुनेश कुमार सोमवार शाम करीब 6:30 बजे किसी काम से वाजिदपुर बाजार गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाजार में पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के गले में अंगोछे का फंदा डालकर उसे घसीटा गया और लोहे की रॉड व सरिया से पीटा गया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद युवक के ऊपर पेशाब किया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मारपीट में घायल मुनेश कुमार को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पीड़ित के पिता शिव कुमार का आरोप है कि उनके बेटे का आरोपियों के साथ पहले से मुकदमा चल रहा है और मुकदमा खत्म करने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया तथा जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकन्दराराऊ अमित पाठक ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










