हाथरस। थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के अलीगढ़-एटा हाईवे पर गांव बिलार के निकट बीती देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अलीगढ़ स्थित अपनी बहन के यहां से बाइक पर सवार होकर अपने गांव मुगलगढ़ी लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय तहसीलदार पुत्र हर प्रसाद निवासी गांव मुगलगढ़ी, सिकंद्राराऊ के रूप में हुई है। बताया गया है कि तहसीलदार अपनी बहन के यहां गांव गोपी, अलीगढ़ गया था। देर रात वहां से वापस लौटते समय अलीगढ़-एटा हाईवे पर गांव बिलार के निकट हादसा हो गया। कार की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल तहसीलदार को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार टक्कर मारने वाली कार को पुलिस ने पकड़ लिया है। मृतक तहसीलदार उर्फ छोटू पेशे से राजमिस्त्री था और अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है।










