हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीआरडी जवानों का दैनिक मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹600 करने के साथ ही प्रत्येक जवान को हर साल ₹5 लाख तक के कैशलेस चिकित्सा उपचार की सुविधा देने की घोषणा की। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हाथरस कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
घोषणा के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मौजूद पीआरडी जवानों में खुशी की लहर दौड़ गई। जवानों ने सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि बढ़ा हुआ मानदेय उनके परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगा, जबकि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से बीमारी के समय इलाज के खर्च की चिंता कम होगी।
जनपद में वर्तमान में कुल 189 पीआरडी जवान कार्यरत हैं। इनमें 177 पुरुष और 12 महिला जवान शामिल हैं। पीआरडी का गठन 11 दिसंबर 1939 को हुआ था।
मानदेय की बात करें तो वर्ष 2019 तक पीआरडी जवानों को ₹250 प्रतिदिन भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर ₹375, वर्ष 2022 में ₹395 और वर्ष 2025 में ₹500 प्रतिदिन किया गया। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद दैनिक मानदेय ₹600 हो गया है।
कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने पीआरडी जवानों के मानदेय में लगातार वृद्धि की है। ₹250 से बढ़कर अब ₹600 प्रतिदिन मानदेय होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ₹5 लाख की कैशलेस चिकित्सा सुविधा रक्षाबंधन के अवसर पर पीआरडी जवानों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण उपहार है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ‘जहां कम, वहां हम’ की भावना के साथ ये जवान यातायात व्यवस्था, पुलिस के साथ हमराही ड्यूटी, पहरा, राजस्व न्यायालय, विकास भवन, न्यायालयों, मेलों और विभिन्न आयोजनों में जिम्मेदारी निभाते हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री से भविष्य में भी पीआरडी जवानों के हित में इसी तरह सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।
महाकुंभ से लेकर चुनाव तक निभाते हैं अहम जिम्मेदारी : एसपी
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पीआरडी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि वर्दी पहनने के बाद सभी जवान एक समान होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद पीआरडी जवानों के मानदेय में करीब 140 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ₹250 से बढ़कर दैनिक मानदेय ₹600 होना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि ₹5 लाख की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बीमारी की स्थिति में परिवार पर इलाज के खर्च का बड़ा बोझ पड़ता है। यह सुविधा जवानों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। एसपी ने बताया कि पीआरडी जवान यातायात व्यवस्था, थानों में हमराही ड्यूटी, पहरा, न्यायालयों और सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के साथ ही मेलों और बड़े आयोजनों में भी जिम्मेदारी निभाते हैं। महाकुंभ में भी पीआरडी जवानों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा चुनाव के दौरान भी वे एक जनपद से दूसरे जनपद तक जाकर जिम्मेदारी निभाते हैं।
डीएम ने कहा—मानदेय बढ़ा है तो निष्ठा में भी 100 फीसदी इजाफा होना चाहिए
डीएम अतुल वत्स ने पीआरडी जवानों को नई सौगात के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने उनके पारिश्रमिक में लगातार वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के मुकाबले आज पीआरडी जवानों के मानदेय में करीब तीन गुना तक वृद्धि हुई है। इसे केवल रुपये की वृद्धि के रूप में नहीं, बल्कि सरकार की ओर से जवानों की सेवाओं के सम्मान और उनकी भूमिका की पहचान के रूप में देखा जाना चाहिए।
डीएम ने कहा कि पीआरडी जवानों को प्रशासन और पुलिस के ‘फोर्स मल्टीप्लायर’ के रूप में देखा जाता है। महाकुंभ, श्रावण मेला और अन्य बड़े आयोजनों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। जरूरत पड़ने पर राजस्व न्यायालयों और अन्य स्थानों से जवानों को हटाकर कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लगाया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मानदेय में ₹100 की वृद्धि की है, इसलिए अब जवानों के जोश, निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता में भी 100 प्रतिशत इजाफा होना चाहिए। उन्होंने जवानों से पहले की तरह पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहने का आह्वान किया।
जवान बोले—अब परिवार और इलाज की चिंता होगी कम
पीआरडी जवान धीरेंद्र सिंह, निवासी सादाबाद ब्लॉक, ने सरकार के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के बारे में सोचकर बहुत अच्छा निर्णय लिया है। पहले कैशलेस चिकित्सा की सुविधा नहीं थी, अब ₹5 लाख सालाना तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किए जाने से भी घर-गृहस्थी चलाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया और उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी उनके हित में इसी तरह के फैसले लेती रहेगी।
सभागार में हुए कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, डीएम अतुल वत्स, एसपी चिरंजीवी नाथ सिन्हा, सीडीओ पीएन दीक्षित एवं प्रांतीय रक्षा दल के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।










