जनपद हाथरस के थाना मुरसान पुलिस द्वारा एक सराहनीय कार्य करते हुए बिना बताए घर से गईं दो लड़कियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस मानवीय एवं तत्पर कार्रवाई के लिए परिजनों द्वारा हाथरस पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
आपको अवगत कराना है कि दिनांक 31 दिसंबर 2025 को थाना मुरसान क्षेत्र की एक महिला द्वारा थाने पर सूचना दी गई कि दिनांक 29 दिसंबर 2026 की रात्रि में उसकी दो पुत्रियाँ, जिनकी उम्र लगभग 16 वर्ष एवं 22 वर्ष है, दो लड़कों द्वारा बहला-फुसलाकर घर से ले जाई गई हैं। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
महिला की लिखित तहरीर के आधार पर थाना मुरसान पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
पुलिस टीमों द्वारा गुमशुदा लड़कियों की फोटो लेकर आसपास के गांवों, मोहल्लों, बस स्टैंड, बाजारों में पूछताछ की गई। साथ ही सोशल मीडिया एवं विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भी तलाश की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया तथा सर्विलांस सेल से तकनीकी इनपुट प्राप्त किए गए।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर दोनों गुमशुदा लड़कियों को मुरसान रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके पश्चात परिजनों को थाने बुलाकर दोनों लड़कियों को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द किया गया।
हाथरस पुलिस के इस सराहनीय कार्य की शहरवासियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। वहीं परिजनों ने अपनी बेटियों को सकुशल पाकर हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया है।







