हाथरस।आगामी गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर जनपद में शान्ति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा सिटी रेलवे स्टेशन एवं शहर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मिश्रित आबादी क्षेत्रों, मुख्य बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन चेकिंग कराई गई। पैदल गश्त के दौरान आमजन एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक हाथरस के साथ क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र कृष्ण नारायण, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ, प्रभारी महिला थाना, प्रभारी जीआरपी थाना हाथरस सिटी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
पैदल गश्त के दौरान सिटी रेलवे स्टेशन एवं थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सासनी गेट चौराहा, कमला बाजार, सर्राफा बाजार, बैनीगंज, मोती बाजार, गुडिहाई बाजार, घंटाघर, पंजाबी मार्केट से तालाब चौराहा तक प्रमुख बाजारों एवं स्थानों पर भ्रमण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानदारों एवं व्यापारियों से वार्ता कर उन्हें अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस कर्मियों एवं एंटी रोमियो टीम की निरंतर पेट्रोलिंग कराई जा रही है। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त एवं सतर्क निगरानी जारी है।







