हाथरस विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंजुला सिंह माहौर को उत्तर प्रदेश विधानसभा में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति नामित किया गया है।
विधानसभा सचिवालय की ओर से 20 अगस्त 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। समिति में रिक्त हुए सभापति पद पर अंजुला सिंह माहौर का नामांकन किया गया है। उन्हें समिति के शेष कार्यकाल के लिए सभापति बनाया गया है।
विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के तहत यह नामांकन किया गया है। अधिसूचना की प्रतियां संबंधित अधिकारियों और विधानसभा सदस्यों को भी भेजी गई हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अंजुला सिंह माहौर महिला एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की निगरानी और समिति के कार्यों का संचालन करेंगी। विधायक को मिली इस जिम्मेदारी के बाद हाथरस के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, नई जिम्मेदारी मिलने की जानकारी के बाद समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला। अलीगढ़ रोड स्थित माधव कॉलोनी में विधायक आवास पहुंचकर समर्थकों ने अंजुला सिंह माहौर का स्वागत एवं सम्मान किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।










