हाथरस के हसायन विकासखंड के जाऊ गांव में कृषि विज्ञान केंद्र हाथरस द्वारा किसानों के लिए नेतृत्व कौशल विकास एवं विपणन कौशल विकास विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि के साथ-साथ बेहतर नेतृत्व और उत्पादों के प्रभावी विपणन के गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षण के दौरान केवीके की वैज्ञानिक कृषि प्रसार डॉ. आकांक्षा सिंह ने किसानों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रभावी निर्णय लेने और समूह में बेहतर तरीके से कार्य करने की जानकारी दी। उन्होंने बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन, कृषि उत्पादों की उचित कीमत हासिल करने, बाजार की जानकारी जुटाने और सामूहिक विपणन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वहीं, केवीके के वैज्ञानिक कृषि शस्य विज्ञान डॉ. बलवीर सिंह ने किसानों को फसलों में खरपतवार प्रबंधन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर खरपतवार नियंत्रण से फसल की उत्पादकता और उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की और कृषि उत्पादन, विपणन तथा फसल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।










