पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना मुरसान का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कुशवाह एवं थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र तथा थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया गया। महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को थाना परिसर में समुचित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया तथा सभी रजिस्टरों को अद्यावधिक रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपकरणों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं कक्ष में पर्दा लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
थाना परिसर निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति का जायज़ा लिया गया तथा साफ-सफाई, बिजली के तारों को सुव्यवस्थित करने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के अंतर्गत थाना मुरसान स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाने पर आने वाली महिला फरियादियों की शिकायतों को शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से थानाक्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा एवं थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा शासन की विभिन्न महिला सशक्तिकरण योजनाओं के बारे में जानकारी देकर अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।







