हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात गांव टीकरी के पास हुए सड़क हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान भटीकरा गांव निवासी 55 वर्षीय पप्पू पुत्र प्रकाशी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पप्पू नोएडा में परिवार के साथ रहकर सिलाई का काम करता था। वह अपने एक बीमार रिश्तेदार से मिलने गांव मानिकपुर जा रहा था।
बताया गया कि टीकरी के पास पप्पू ऑटो के किनारे बैठा था, तभी सामने से तेज रफ्तार में आए दूसरे ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बच गए।










