हाथरस। विकास भवन सभागार में मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनपद के सात विकास खंडों और शहरी परियोजना से पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पुष्टाहार से विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में तैयार व्यंजनों को मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने चखकर व्यंजनों की गुणवत्ता और स्वाद का मूल्यांकन किया। बेहतर व्यंजन तैयार करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
सीडीओ पीएन दीक्षित ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों तथा कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को विभिन्न प्रकार का पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाता है। नेफेड द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे रेडीमेड पुष्टाहार से लाभार्थियों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन किस तरह तैयार किए जा सकते हैं, इसी उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पुष्टाहार के बेहतर उपयोग और बच्चों व महिलाओं के लिए स्वादिष्ट पौष्टिक आहार तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सभी आठ परियोजनाओं की सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया।










