सासनी। ग्राम नगला जहरू में आयोजित तीन दिवसीय डे-नाइट क्रिकेट-कबड्डी टूर्नामेंट के सफल समापन के बाद विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में खली चौधरी क्लब अजरोई, सासनी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत हासिल की।
विजेता टीम के कप्तान राजू चौधरी सहित पूरी टीम को सासनी स्थित एसबीएस यूनियन स्कूल में स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह और प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सम्मानित किया। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को पटका पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
बता दें कि करीब चार दिन पूर्व ग्राम नगला जहरू में आयोजित डे-नाइट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खली चौधरी क्लब अजरोई और बजरंग दल हाथरस की टीमों के बीच खेला गया था। रोमांचक मुकाबले में खली चौधरी क्लब अजरोई की टीम विजेता रही।
कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार राहुल प्रकाश और किसान नेता भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में कराया गया। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों और स्कूल प्रबंधन ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।










