हाथरस। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के कस्बा कचौरा में शनिवार को अपनी मां के साथ बाजार जा रहे 10 वर्षीय मासूम बच्चे को टेंपो चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और परिजनों की मदद से उसे जिला बागला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि 10 वर्षीय दुष्यंत पुत्र महेंद्र सिंह निवासी शेखूपुर मदन, थाना हाथरस जंक्शन, रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी मां संतोषी के साथ अपनी ननिहाल कचौरा आया था। शनिवार को वह अपनी मां के साथ बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में एक टेंपो चालक ने उसे साइड से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दुष्यंत गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि दुष्यंत अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










