हाथरस। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं विश्व प्रसिद्ध हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिला खेल कार्यालय, हाथरस द्वारा हॉकी और बैडमिन्टन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण और बैडमिन्टन खेलकर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रेम सिंह कुशवाह और विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह उर्फ गुड्डू का बुके और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों और अतिथियों ने फिट इंडिया की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय धावक मोहन सिंह आर्य को सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और निरंतर मेहनत व अभ्यास से जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
हॉकी प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स क्लब, सासनी और स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस के बीच हुआ, जिसमें सासनी की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया। स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस की टीम उपविजेता रही।
वहीं बैडमिन्टन प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों और एकल, युगल एवं मिश्रित युगल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्टेडियम के प्रशिक्षक, निर्णायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।










