हाथरस। मंगलवार सुबह सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष नगर पालिका परिषद पहुंचे और वार्ड नंबर 15 की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि नगला तुन्दला, पत्थरवारी रोड और इगलास अड्डा क्षेत्र में पिछले करीब 10 वर्षों से भीषण जलभराव की समस्या बनी हुई है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने में भी परेशानी होती है और कई बार लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
ज्ञापन में बताया कि विद्युत पोल नहीं होने से तार नीचे लटके हुए हैं, जिससे करंट की चपेट में आने से कई पशुओं की मौत हो चुकी है। लोगों ने पालिका व विद्युत विभाग से जलभराव दूर कराने और विद्युत पोल लगवाने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।










