नया बांस में रास्ता और नाली बंद होने के कारण भड़के लोग,कलेक्ट्री पहुंच कर डीएम से की शिकायत

0
16

 

हाथरस। जलेसर रोड स्थित मोहन नगर नई बस्ती, नया बांस कॉलोनी के दर्जनभर से अधिक निवासी मंगलवार को रास्ता बंद होने और जलभराव की समस्या से परेशान होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी अतुल वत्स को शिकायती पत्र सौंपा और सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध कब्जा हटवाने के साथ ही नाली और सड़क निर्माण की मांग की।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बस्ती से होकर गुजरने वाले वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते (चकरोड) पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फर्जी बैनामा कराकर कब्जा कर लिया है। आरोप है कि रास्ता बंद होने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है और जल निकासी की व्यवस्था भी पूरी तरह बाधित हो गई है।

स्थानीय निवासी सीताराम और रीमा ने बताया कि नया बांस क्षेत्र से होकर गुजरने वाला चकरोड लंबे समय से स्थानीय आबादी के आवागमन का प्रमुख रास्ता रहा है। उनका आरोप है कि राजकुमार अग्रवाल नामक व्यक्ति ने उक्त भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराकर रास्ते पर कब्जा कर लिया और उसे बंद कर दिया।

निवासियों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण क्षेत्र में पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। वहीं जल निकासी के लिए नाली भी नहीं बन सकी है, जिससे बरसात और अन्य दिनों में बस्ती में पानी भरने की समस्या बनी रहती है।

जलभराव से बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित

प्रदर्शन कर रहे लोगों और महिलाओं ने बताया कि नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने से कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जमा पानी के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

लोगों का कहना है कि जलभराव और रास्ता बंद होने से बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित हो रहा है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को मंदिर जाने तथा दैनिक जरूरतों के लिए घर से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग

पीड़ित क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी अतुल वत्स को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने, सार्वजनिक रास्ते को कब्जामुक्त कराने और क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण कराए जाने की मांग की। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों और विभागीय टीम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं कराया गया और रास्ता खुलवाकर जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here