एसओजी टीम और सदर कोतवाली पुलिस ने पांच अन्तर्राज्यीय वाहन चोरों को किया गिरफ्तार

0
35

 

हाथरस। मंगलवार को हाथरस पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। एसओजी टीम और थाना कोतवाली नगर पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह चोरी के वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर कबाड़ में बेच देता था। पिछले तीन-चार महीनों में बढ़ी वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विशेष टीमों का गठन किया था।

पुलिस टीम ने यूपी-112 से वाहन चोरी की घटनाओं का डेटा जुटाकर उसका विश्लेषण किया। इसके आधार पर अधिक चोरी वाले स्थानों को गूगल मैप के जरिए चिह्नित कर हॉटस्पॉट मैप तैयार किया गया। चिह्नित स्थानों पर कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम ने निगरानी व सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान किला खाई गौशाला के पास चेकिंग में पांचों शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवम माहौर पुत्र जयप्रकाश निवासी लाल डिग्गी, थाना कोतवाली सदर, सादाव पुत्र सलीम मीरासी निवासी काशीराम कॉलोनी, जलेसर रोड, थाना कोतवाली, अंकित पुत्र चंद्रपाल कुशवाह निवासी मोहल्ला ऊंटगाड़ी, थाना कोतवाली नगर, संकेत वाल्मीकि पुत्र नवीन निवासी मोहल्ला कर्र, थाना कोतवाली नगर और हुसैन अल्वी पुत्र पप्पू निवासी तरफरा, थाना कोतवाली नगर शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरामद वाहनों के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here