हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित जीएलएस पब्लिक स्कूल के पास मैक्स गाड़ी की चपेट में आने से सेकंड क्लास की छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान 8 वर्षीय अनुष्का श्रोती पुत्री संजय कुमार निवासी गांव श्रीनगर रुहेरी के रूप में हुई है।
बताया गया है कि अनुष्का भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वह बुधवार को अपने भाई-बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे बैठकर जूते के फीते बांध रही थी। तभी सड़क किनारे खड़ी मैक्स गाड़ी के चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे अनुष्का उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










