हाथरस। बुधवार को आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह प्रधान, जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाइव कार्यक्रम के माध्यम से आउटसोर्सिंग कर्मियों को संबोधित किया और वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य बीमा सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों में तैनात आउटसोर्सिंग कर्मियों को सुरक्षा किट देकर सम्मानित किया। वहीं कुछ कर्मियों को डेमो चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि पिछली सरकारों में आउटसोर्सिंग कर्मियों को कम वेतन मिलता था, लेकिन प्रदेश की योगी सरकार ने उनका वेतन बढ़ाकर 22 हजार रुपये प्रतिमाह करने की पहल की है। अब यह राशि सीधे कर्मियों के खातों में पहुंचेगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार आउटसोर्सिंग कर्मियों के हित में लगातार बेहतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।










