सिकंदराराऊ में चोरों के हौसले बुलंद,घर के बाहर खड़ी बाइक को बनाया निशाना

0
92

 

सिकंदराराऊ। नगर में बाइक चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। महज तीन दिनों के भीतर नगर क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी होने से लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व पंत चौराहे के निकट स्थित डाकघर से एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा चोरी की घटना की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश में प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, शुक्रवार सुबह एक और बाइक चोरी की घटना सामने आने से नगर में हड़कंप मच गया। इस बार चोरों ने सराय उम्दा बेगम स्थित सैलानी कॉलोनी निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद सिकंदराराऊ के प्रखंड मंत्री मोनू महेश्वरी की मोटरसाइकिल को निशाना बनाया।

बताया गया कि मोनू महेश्वरी प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी कर मित्रों के साथ टहलने के लिए गए थे। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो घर के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में रोष और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि एवं तड़के सुबह के समय गश्त बढ़ाने तथा बाइक चोरों पर सख्त कार्रवाई कर घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here