नामकरण समारोह के दौरान डीजे हटाने को लेकर लाठी डंडो से जमकर हुई मारपीट,के लोग हुए घायल

0
18

सासनी थाना क्षेत्र के सहजपुरा गांव में शनिवार शाम एक नामकरण समारोह के दौरान डीजे हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे सहजपुरा निवासी जितेंद्र उर्फ जिता पुत्र रामबाबू के घर नामकरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान गांव के ही गिर्राज कुमार पुत्र जगदीश कुमार ने डीजे की तेज आवाज और उसे अपने घर के सामने लगाए जाने का विरोध किया। उन्होंने आयोजकों से डीजे को थोड़ा आगे बढ़ाने की मांग की, जिस पर जितेंद्र और गिर्राज पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में पहले पक्ष से लखन कुमार, गिर्राज कुमार, जगदीश प्रसाद, पिंकी, चंचल, मुकेश और रजत घायल हो गए।
घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देदामई चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी भिजवाया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here