हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के नया गंज स्थित बादशाह मिठाई की दुकान पर पड़ोसी नाश्ते की दुकान संचालक से ग्राहकों को लेकर विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। इसी दौरान दोनों गर्म तेल की कढ़ाई में गिर गए, जिससे वे झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। बताया गया है कि चेतराम और हर्षित वार्ष्णेय गर्म तेल से झुलस गए। चिकित्सकों ने चेतराम की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों दुकानदारों के बीच विवाद नाश्ते की दुकान पर ग्राहकों को लेकर शुरू हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।










