हाथरस। शहर के होली वाली गली स्थित मंदिर श्री चमत्कारी श्री गणेश जी महाराज पर 14 व 15 सितंबर को होने वाले 24वें वार्षिक स्थापना महोत्सव को लेकर शनिवार को श्री गणेश सेवा मित्र मंडल द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें मंडल के पदाधिकारियों ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की और शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की।
पदाधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में 14 सितंबर को सुबह 7 बजे भगवान श्री गणेश जी का महाभिषेक, शाम 7 बजे भव्य मोदक (लड्डू) श्रृंगार तथा 7:30 बजे डमरू संग महाआरती होगी। 15 सितंबर को शाम 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी, शाम 7 बजे फूलबंगला और 7:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां चल रही हैं। मंदिर की रंगाई-पुताई व साज-सज्जा कराई जा रही है। मंडल के अध्यक्ष मनीष कूलवाल, महामंत्री श्याम वर्मा, कोषाध्यक्ष सन्जू भगत, संयोजक कपिल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।










