हाथरस। सासनी स्थित एसबीएस यूनियन स्कूल में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से एक रचनात्मक और ज्ञानवर्धक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल की प्रार्थना सभा में श्री पीसी शर्मा द्वारा किया गया।
शो के माध्यम से विद्यार्थियों को लालच से दूर रहने, स्कूल और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा अच्छी आदतों को अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान “टीवी-मोबाइल से नाता तोड़ें हम, किताबों से नाता जोड़ें हम” जैसे संदेश के जरिए छात्रों को किताबों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों की हाजिरजवाबी और आईक्यू लेवल ने अतिथियों को खासा प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी वर्ष 1920 से प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, सूखा और बीमारियों जैसी परिस्थितियों में आमजन की सहायता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा में जुटे ऐसे संगठनों का सहयोग करना हर देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्कूल की ओर से भी ऐसे सकारात्मक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों को हमेशा सहयोग दिया जाएगा।
वहीं, प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में सहयोग की भावना, अनुशासन, जिज्ञासा और रचनात्मकता का विकास होता है। साथ ही बच्चों में नई-नई जानकारी हासिल करने और अनुसंधान करने की क्षमता भी विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।










