हाथरस। पुरदिलनगर में विश्व हिंदू परिषद द्वारा स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 13 सितंबर को जलेसर रोड स्थित राज गार्डन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण और मंगलाचरण के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी अभिनव जाखेटिया ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद ब्रज प्रांत के प्रांत सह मंत्री अभय प्रताप ने कार्यकर्ताओं और समाजजनों को संबोधित किया। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना के उद्देश्य, संगठन की भूमिका और हिंदू समाज की एकता एवं सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि समाज में संस्कार, समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने संगठन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिवक्ता सौरभ उपाध्याय ने हिंदू समाज की एकता और सामाजिक समरसता के लिए सभी से मिलकर कार्य करने की अपील की। संत समाज से मित्रेश चतुर्वेदी महाराज सहित कई विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की सफलता में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री नरेंद्र चौहान द्वारा किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ।










