हाथरस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने नगला भूस स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।
यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश और जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के निर्देश पर किया गया।
निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम की वार्डन नीतू मिश्रा समेत रसोईया और अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सचिव ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले भोजन और नाश्ते की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके साथ ही उपस्थिति पंजिका, स्टॉक रजिस्टर, दवाइयों से संबंधित रजिस्टर, खाने के मेन्यू और भंडार कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।
गर्मी को देखते हुए वृद्धाश्रम में कूलर और पंखों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान किसी भी वृद्धजन ने किसी तरह की शिकायत नहीं की।
वहीं, वार्डन को वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।










