हाथरस के आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और सेवा के जरिए वृद्धजनों के बीच खुशियां बांटी गईं।
“नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की…” के जयघोष से पूरा वृद्धाश्रम कृष्णमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य भजन गायक अंकुर अग्रवाल सासनी वाले, बाल भजन गायक रुद्र सारस्वत और कोमल दीदी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर वृद्धजन भी उत्साह के साथ झूमते और कीर्तन में शामिल होते नजर आए।
नंदोत्सव की खास बात रही नन्हे बच्चों का राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर पहुंचना। सुंदर वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों को देखकर वृद्धजनों के चेहरों पर भी खुशी साफ नजर आई।
संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि निस्वार्थ सेवा संस्थान का उद्देश्य सिर्फ जरूरतमंदों को सेवा सामग्री उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में खुशी, सम्मान, अपनापन और सकारात्मकता लाना भी है। इसी उद्देश्य से हर माह वृद्धाश्रम में हरिनाम संकीर्तन और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में भगवान श्रीकृष्ण से वृद्धजनों के स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई। भक्ति, संगीत और सेवा से सराबोर इस आयोजन ने वृद्धाश्रम में खुशियों और अपनत्व का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, यश वार्ष्णेय, सुनील कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










