हाथरस। उधारी के रुपये मांगने पर दबंग व्यक्ति द्वारा एक ही परिवार के चार लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया है।
जानकारी के अनुसार, थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के देवी नगर निवासी विपिन अपने मोहल्ले में परचून की दुकान चलाते हैं। बताया गया है कि विपिन ने अपने ही पड़ोसी को कुछ रुपये उधार दिए थे। जब विपिन ने उधार दिए गए रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विपिन और उसके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना में विपिन, उसकी पत्नी राधा, पिता मुनेश पाल और चाचा जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सभी घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।







