हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के नगला इमलिया में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी अरविंद को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 14/15 सितंबर की रात अरविंद अपने साथियों के साथ नगला इमलिया में एक व्यक्ति के घर पहुंचा था और गाली-गलौज करने के बाद हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
15 सितंबर को पुलिस को आरोपियों के कहीं जाने की सूचना मिली। इसके बाद लखन गेस्ट हाउस के पास बोझिया जाने वाले बंबे के अंडरपास पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान अरविंद से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अरविंद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, पुलिस ने कांबिंग के दौरान तीन अन्य आरोपियों उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा और तीन खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे और स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










