हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास रोड स्थित प्रताप चौराहे के पास ट्रक पर चढ़कर कबाड़ चढ़ा रहे दो मजदूर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में 36 वर्षीय रामपाल पुत्र हरिशंकर निवासी कपूरा थाना चंदपा की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय राकेश पुत्र राम खिलाड़ी निवासी श्याम नगर, जलेसर रोड गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामपाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में राकेश को अलीगढ़ रेफर किया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम सदर राज बहादुर भी जिला अस्पताल पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
रामपाल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।










