हाथरस के सेठ पी.सी. बागला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एडीएचआर के तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छोंकर के नेतृत्व में आयोजित शिविर में प्रोफेसरों, छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में कुल 61 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वैच्छिक रक्तदान की उपयोगिता के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि इस तरह के रक्तदान शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
प्रो. राजेश कुमार ने कहा कि कई बार धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद जरूरत के समय सही रक्त समूह नहीं मिल पाता। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक आधार बनता है।
एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि रक्तदान शिविर लगाना संस्था की जिम्मेदारी है। संस्था का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है।
एडीएचआर जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि रक्त की कुछ बूंदें किसी दूसरे व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक बन सकती हैं और इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं है।
शिविर के सफल आयोजन पर एडीएचआर पदाधिकारियों और महाविद्यालय प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया और स्वस्थ एवं पात्र लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।










