हाथरस। विश्व हिंदू परिषद ने गौ संबंधी प्रकरण में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। पदाधिकारियों के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने छह दिन में जांच रिपोर्ट देने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी रिपोर्ट नहीं मिली।
इसी को लेकर विहिप ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन से जांच की स्थिति स्पष्ट करने और जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र रिपोर्ट नहीं मिली और अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आगरा में होने वाले कार्यक्रम के बाद संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशन में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा सकता है।
विहिप ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और संगठन को जांच रिपोर्ट से अवगत कराने की मांग की। प्रेस वार्ता में विभाग संगठन मंत्री उमाकांत, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, बजरंग दल जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री और जिला गौरक्षा प्रमुख मनोज वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।










