सासनी क्षेत्र के गांव नया नगला में जल निकासी की बदतर व्यवस्था और छोटी नालियों के कारण ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गांव में नालियां छोटी होने के कारण आए दिन चौक हो जाती हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने के कारण उठने वाली दुर्गंध से जीना मुहाल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण प्रशांत का कहना है कि जलभराव के कारण स्कूल जा रहे कई बच्चे पानी और कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं। वहीं राकेश बीटीसी ने बताया कि उन्होंने अपने घर के पास खुद ही इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण करवाया है,
लेकिन नाली की समस्या जस की तस बनी रहने के कारण जल निकासी अवरोध हो जाती है और सारा पानी सड़क पर आ जाता है। सोनू कुमार ने चिंता जताई कि इस गंदगी और जलभराव से मक्खी-मच्छरों के पनपने का खतरा काफी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत भी की गई है, लेकिन प्रधान द्वारा अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। प्रधान की इस उदासीनता के चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
कल्याण सिंह ने बताया कि सड़क पर फैला गंदा पानी और कीचड़ बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है, जिससे हर समय गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।










