हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लाखनू में शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में चार किशोर डूब गए। ग्रामीणों ने तीन किशोरों को बचा लिया, जबकि 16 वर्षीय विकास दीक्षित गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई। देर रात करीब 10 बजे एसडीआरएफ के गोताखोर भी पहुंचे।
करीब दो घंटे की तलाश के बाद देर रात्रि करीब 12 बजे विकास का शव गणेश प्रतिमा के नीचे मिला। शव मिलते ही परिवार में मातम छा गया। विकास 11वीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता धर्मेंद्र दीक्षित मजदूरी करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।










