हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के ऊंचा गांव रसमई में कबड्डी खेलते समय घायल हुए 11 वर्षीय बच्चे की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। निखिल पुत्र सियाराम 17 सितंबर को गांव में कबड्डी खेलते समय गंभीर रूप से घायल हो गया था।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले गए, जहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद देर रात उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
निखिल की मौत के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बच्चे को लगी चोट और मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।










