थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्टी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला की गई आयोजित

0
9

हाथरस। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा के पर्यवेक्षण में हुई।

बैठक में थाना एएचटी, एसजेपीयू और जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की एसओपी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

कार्यशाला में बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार की रोकथाम के साथ ही गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, उनके मेडिकल परीक्षण और सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पर अधिकारियों को जानकारी दी गई।

इसके अलावा बच्चों से संबंधित मामलों में विवेचना और अभियोजन के दौरान आने वाली समस्याओं, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के कर्तव्यों और विधि-विरुद्ध बालकों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।

बैठक में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090, 181, 108, 102, 1076, 101, 112 और 1930 का प्रत्येक थाने में प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में स्वास्थ्य, श्रम, शिक्षा विभाग, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, एसीएमओ, बीईओ और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here