हाथरस। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और ज्ञान को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 सितंबर को सभी विकासखंड स्तर पर सुबह 10 बजे से प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
विकासखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं 2 अक्टूबर को बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की चित्रकला और अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने तैयारियों को लेकर बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में संबंधित अधिकारियों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रतियोगिताओं के दौरान छात्र-छात्राओं के बैठने, पेयजल, सुरक्षा और आवश्यक सामग्री समेत सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 75 बाई 75 वर्ग फीट की विशाल रंगोली भी तैयार की जाएगी, जिसमें ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मकता, ज्ञान, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।










