हाथरस में रविवार सुबह सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात से हड़कंप मच गया, घटना थाना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के इस्लाम नगर में ताज बॉडी के पास स्थित घर में रिटायर्ड फौजी और उनकी पहली पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
दोनों के शव घर के अंदर फर्स पर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान 58 वर्षीय पूर्व फौजी शमशुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना बेगम के रूप में हुई है।
दोनों की शादी वर्ष 1984 में हुई थी। संतान नहीं होने के कारण वर्ष 2011 में समीना ने ही अपने पति की दूसरी शादी अपनी रिश्तेदार सीमा से कराई थी। सीमा से शमशुद्दीन के तीन बच्चे हैं। दूसरी पत्नी का मकान भी पास में ही है और दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं।
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक नाती ने घर के पास जमीन पर खून के छींटे देखे। उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का मंजर देखकर लोगों के होश उड़ गए। शमशुद्दीन और समीना के शव खून से लथपथ पड़े थे और दोनों की गला रेतकर हत्या की गई थी।
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।
फिलहाल दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी है। हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।










