हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाईवे स्थित भोपतपुर कट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय समीर पुत्र संजय खान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी 16 वर्षीय अरमान पुत्र अजमत खान निवासी मदार गद्दा, भोजगढ़ी घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में अरमान को आगरा रेफर किया गया। बताया गया कि दोनों किशोर मेला श्री दाऊजी महाराज देखने आए थे और देर रात बाइक से गांव लौट रहे थे।
समीर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।










