राजस्थान रोडवेज बस और ट्रक में हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत, एक दर्जन से अधिक लोग घायल

0
21

 

सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित कलावती हॉस्पिटल के निकट रविवार देर शाम राजस्थान रोडवेज की बस और ट्रक में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि राजस्थान रोडवेज बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की बस बरेली से जयपुर जा रही थी, जबकि सामने से आ रहा ट्रक कासगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान कासगंज रोड पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद मीडिया ने बस में सवार यात्रियों से बातचीत करने का प्रयास किया। एक यात्री ने बताया कि बस की लाइट बंद थी और अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार झटका लगा और वे अपनी सीटों से नीचे गिर पड़े। जब उन्होंने संभलकर देखा तो कई लोग घायल थे। यात्री के इस बयान के बाद हादसे को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हालांकि बस की लाइट बंद होने की बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में घायल यात्रियों का घटनास्थल के निकट स्थित कलावती नर्सिंग होम में उपचार कराया गया। वहीं राजस्थान रोडवेज बस और ट्रक के चालकों को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here