हाथरस में सेवा संकल्प अभियान के तहत अधिकारियों ने संभाली सफाई की कमान।
कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में बुधवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने फावड़ा और झाड़ू लेकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने स्वयं फावड़ा लेकर सफाई की। वहीं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 प्रशांत तिवारी और अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र समेत अन्य अधिकारियों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान कार्यालय परिसरों से कूड़ा-कचरा हटाने, अनावश्यक सामग्री को व्यवस्थित करने और परिसर को स्वच्छ रखने का कार्य किया गया।
डीएम ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वच्छता को नियमित कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान-2026 की थीम “स्वच्छता ही सेवा-2026” के तहत चलाए जा रहे 157 घंटे सतत महासफाई अभियान में अधिकारियों ने श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।










