जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार सुबह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच को जल्द तैयार कर शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही मैदान के समतलीकरण, मिट्टी डलवाने और ग्रास कटिंग कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने हाई जंप और लॉन्ग जंप के लिए निर्धारित स्थानों पर उचित मिट्टी की व्यवस्था कर खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिम, बैडमिंटन कोर्ट, शूटिंग रेंज और निर्माणाधीन वॉलीबॉल, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल कोर्ट तथा मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से डीएम ने संवाद किया और उनकी तैयारियों की जानकारी ली। खिलाड़ियों ने बताया कि वे सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।
डीएम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास करने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।










