सिकंद्राराऊ में सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही कलश यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
गुजरात के वडनगर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली जा रही यह यात्रा सिकंद्राराऊ के पैंत चौराहे पर पहुंची।यहां विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने यात्रा में शामिल लोगों का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इसके बाद विधायक वीरेंद्र सिंह राणा यात्रियों के साथ बाइक पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए, जिसे देखकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
यात्रा का रात्रि विश्राम अलीगढ़ रोड स्थित तरुण वैली गेस्ट हाउस में कराया गया, जहां सुरेंद्र सिंह पुंडीर ने यात्रियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंध किया।
यात्रा के इंचार्ज प्रोफेसर हर्षदेव ने बताया कि वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यात्रा का उद्देश्य सेवा संकल्प के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।
रात्रि विश्राम के बाद यात्रा बुधवार को वाराणसी के लिए रवाना हुई। इस दौरान सिकंद्राराऊ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली।










