हाथरस।मेला श्री दाऊजी महाराज के पंडाल में बीती शाम कॉमेडी नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सासनी एसडीएम शिवकुमार यादव और एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह ने दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में नटराज ग्रुप डांस के कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद कॉमेडियन राज, सुनील पाल, अमित महाराणा और इरशाद ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से पंडाल में जमकर ठहाके लगवाए। कलाकारों के चुटकुलों और हास्य अंदाज पर दर्शक खूब हंसे।
कॉमेडी नाइट को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पंडाल में पहुंचे। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शक अपनी जगहों पर जमे रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे पंडाल में हंसी और मनोरंजन का माहौल बना रहा।










